मौसम विभाग की चेतावनी, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट , जानें- यूपी, बिहार, दिल्ली में कब पहुंचेगा मानसून

 

देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी (फाइल फोटो)

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान में 15 जून तक कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। आईएमडी ने बताया कि नमी युक्त पुरवाई चलने से 16 जून से भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

नई दिल्ली, एजेंसी। देश के कई राज्यों में मानसून की दस्तक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी हैं। वहीं भीषण गर्मी से परेशान राज्यों को अब मानसून का बेसब्री से इंतजार है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, पूर्व गोवा, कोंकण के कुछ हिस्सों और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। दिल्ली-एनसीआर में लोगों को भीषण गर्मी (Heat Wave In Delhi) का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई राज्यों में प्री मानसून (Pre Monsoon)की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं देश के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान में 15 जून तक कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज 12 जून को मानसून के कोंकण के शेष हिस्सों, गुजरात के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों, पूरे कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तेलंगाना में आगे बढ़ने की उम्मीद है। अगले 24 घंटों के दौरान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा, दक्षिण-पश्चिम एमपी, आंतरिक महाराष्ट्र और केरल और तमिलनाडु में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, गुजरात क्षेत्र और दक्षिणपूर्व राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालय, पूर्वी बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल और दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश में हल्की बारिश संभव है।

इन राज्यों में लू चलने की संभावना

मौसम की जानकारी देने वाली निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी 'स्काईमेट वेदर' की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 15 जून तक दिल्ली, हरियाणा, उत्तर पश्चिमी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बने रहने की आशंका है। वहीं मौसम विभाग ने 2 दिन तक हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में एक या दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में 17 जून तक मानसूनी बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर अभी भी जारी है। सूबे के कई जिलों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक 17 जून से पूर्वी और तराई यूपी के जिलों को हल्की ही सही लेकिन, बारिश की सौगात मिल सकती है। यूपी में मानसून की फुहारें 17 जून से शुरू होने के आसार हैं।

दिल्ली में 15 जून तक गर्मी से राहत की संभावना नहीं

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दिल्ली में गरज के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की उम्मीद है, लेकिन 15 जून तक गर्मी से कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। दिल्ली में मानसून 27 जून के आसपास दस्तक दे सकता है।

उत्तर बिहार में बारिश तो दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी

बिहार के मौसम की बात करें तो अभी यहां अलग-अलग इलाकों का मौसम अलग-अलग है। एक ओर जहां उत्तर बिहार के इलाकों में बारिश हो रही है, तो वहीं दक्षिणी बिहार में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने अब 48 घंटे के भीतर प्रदेश के 10 जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई है।