कर्नाटक: दलित लड़के से प्यार करने पर पिता ने की नाबालिग बेटी की हत्या, फिर पुलिस के सामने किया सरेंडर

 

कर्नाटक में लड़की की गला दबाकर हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

कर्नाटक में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां के मैसूर जिले में एक शख्स ने अपनी नाबालिग लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी क्योंकि वह एक दलित लड़के से प्यार करती थी। हत्या करने के बाद शख्स ने थाने पर जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।

मैसूर, आइएएनएस। कर्नाटक (Karnataka) के मैसूर (Mysuru) जिले में एक व्यक्ति ने दलित समुदाय के लड़के से प्यार करने पर अपनी बेटी की हत्या कर दी और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। घटना पेरियापट्टना थाना क्षेत्र (Periyapattana police station) की है।

थाने पर जाकर पिता ने किया आत्मसमर्पण

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता सुरेश ने मंगलवार को थाने में आकर अपना गुनाह कबूल कर लिया। मैसूर जिले के पेरियापटना तालुक (Periyapatna taluk) के कगगुंडी गांव (Kaggundi village) के रहने वाले सुरेश ने सोमवार तड़के अपनी 17 वर्षीय बेटी शालिनी की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता ने अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या की है।

तीन साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग

कर्नाटक में ऊंची जाति मानी जाने वाली वोक्कालिगा समुदाय की शालिनी द्वितीय वर्ष पीयूसी (प्री-यूनिवर्सिटी कोर्स) में पढ़ रही थी। वह पड़ोस के मैल्लाहल्ली गांव के एक दलित लड़के से प्यार करती थी। पुलिस ने कहा कि वे पिछले तीन साल से प्यार में थे। इसकी जानकारी होने पर माता-पिता ने लड़के के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई क्योंकि लड़की नाबालिग थी।

माता-पिता के खिलाफ लड़की ने दिया बयान

लड़की ने थाने में अपने माता-पिता के खिलाफ बयान दिया। उसने पुलिस को बताया कि वह लड़के से प्यार करती है और उसने अपने माता-पिता के साथ जाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने उसे आब्जर्वेशन होम भेज दिया। कुछ समय पहले बेटी ने अपने माता-पिता को फोन कर घर ले जाने को कहा। घर आने के बाद उसने फिर से अपने माता-पिता से कहा कि वह अभी भी लड़के से प्यार करती है और उससे ही शादी करेगी।

गुस्से में गला दबाकर की हत्या

पुलिस ने कहा कि पिता ने गुस्से में आकर सोमवार को उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में, उसने अपनी बेटी के शव को दलित लड़के के गांव के एक खेत में फेंक दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।