सपा ने नामांकन के आखिरी दिन खत्‍म किया सस्‍पेंस, रामपुर व आजमगढ़ सीटों पर दिलचस्प हुआ मुकाबला

 

समाजवादी पार्टी ने लोकसभा की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

UP Lok Sabha By-Election 2022 समाजवादी पार्टी ने लोकसभा की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। आजमगढ़ से धर्मेंद्र यादव और रामपुर से आसिम रजा को टिकट दिया है। दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन के आखिरी दिन अपना पर्चा भरा है।

लखनऊ। UP Lok Sabha By-Election 2022: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा की रामपुर और आजमगढ़ सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन अपने उम्मीदवारों को लेकर स्थिति साफ कर दी है। सपा नेता आजम खां ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद रामपुर से आसिम राजा के नाम का ऐलान किया, तो वहीं पार्टी ने पूर्व सांसद धर्मेन्‍द्र यादव को आजमगढ़ सीट से अपना उम्‍मीदवार बनाया है। दोनों प्रत्याशियों ने अपना पर्चा भर दिया है।

समाजवादी पार्टी ने रामपुर लोकसभा सीट से असिम रजा को अपना उम्‍मीदवार बनाया है। इसके पहले समाजवादी पार्टी से आजम खान की पत्‍नी तंजीन फातिमा का नाम तय माना जा रहा था, लेकिन नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को आजम खां ने आसिम रजा के नाम की घोषणा की। वह आजम के बेहद करीबी माने जाते हैं और रामपुर से समाजवादी पार्टी के नगर अध्‍यक्ष हैं। उधर, समाजवादी पार्टी ने नामांकन के आखिरी दिन आजमगढ़ में भी अपने प्रत्‍याशी के तौर पर धर्मेन्‍द्र यादव के नाम का ऐलान किया है।

आजमगढ़ सीट पर उपचुनाव में भाजपा ने दिनेश लाल निरहुआ को दोबारा अपना उम्‍मीदवार बनाया है। 2019 का चुनाव वह अखिलेश यादव से हार गए थे। निरहुआ ने भी आज ही अपना पर्चा दाखिल किया। वहीं बसपा ने बसपा ने शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली पर दांव लगाया है। जिसके बाद इस सीट का सियासी समीकरण बदल गया है। लोकसभा चुनाव 2019 में गठबंधन करने वाले सपा और बसपा इस बार उपचुनाव में आमने-सामने हैं। जबकि भाजपा की मजबूत एंट्री से मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

इस बात का अंदाजा ऐसे लगाया जा सकता है कि आजमगढ़ सीट पर नामंकन के अंतिम दिन प्रत्याशी की घोषणा की गई। आजमगढ़ सीट पर ज्यादातर सपा की ही कब्जा रहा है। लेकिन, यहां से बसपा हमेशा से सपा को सीधी टक्कर देती आई है। ऐसे में भाजपा ने दिनेश लाल निरहुआ को टिकट देकर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। बताया जा रहा है कि भाजपा यहां से मजबूत दावा पेश कर सकती है। 

अब बात रामपुर लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव की। इस सीट पर प्रत्याशी का फैसला समाजवादी पार्टी ने आजम खां पर छोड़ दिया था। इस सीट पर भी नामांकन के आखिरी दिन तक उम्‍मीदवार के नाम पर सस्‍पेंस बना हुआ था। माना जा रहा था कि तंजीन फातिमा उम्‍मीदवार होंगी लेकिन ऐन वक्‍त पर आजम ने आसिम राजा के नाम का ऐलान कर सबको चौंका दिया।

भाजपा ने रामपुर उपचुनाव में घनश्‍याम लोधी को टिकट दिया है। वहीं, बसपा और कांग्रेस ने रामपुर सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारने का ऐलान किया है। ऐसे में मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा के बीच हो सकता है। हालांकि, रामपुर लोकसभा सीट पर किसी दौर में कांग्रेस का भी अच्छा प्रभाव रहा है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश की रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। विधानसभा चुनाव जीतने वाले आजम खां और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद दोनों सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। दोनों सीटों पर 23 जून को उपचुनाव होना है। नतीजे, 26 जून को आएंगे।