हाथ में झाडू लेकर सड़क पर उतरे दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, जानिये- क्या है पूरा मामला

 

Delhi Politics: हाथ में झाडू लेकर सड़क पर उतरे दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, जानिये- क्या है पूरा मामला

Delhi Politics देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार से संयुक्त सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल किसी कारण से नहीं आ सके इसलिए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने अकेले ही अभियान का शुभारंभ किया।

नई दिल्ली,  डिजिटल डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मंगलवार को सफाई अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर एलजी विनय कुमार सक्सेना ने हाथों में झाड़ू लेकर सड़क पर प्रतीकात्मक रूप से सफाई की। उनके सफाई करने की तस्वीरें भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वहीं,सफाई अभियान की शुरुआत पर उन्होंने यह भी कहा कि वह दिल्ली उपराज्यपाल नहीं, बल्कि लोकल गार्जियन हैं।

यहां पर बता दें कि मंगलवार को मुखर्जी नगर में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को संयुक्त रूप से सफाई अभियान की शुरू करना था, लेकिन सीएम किसी कारण वश नहीं पहुंचे।

इसके बाद एलजी ने अकेले ही नगर निगम, लोक निर्माण, डीडीए विभाग आदि के संयुक्त सफाई अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे।

इस मौके पर अपने संबोधन में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि मुझे यह अभियान शुरू करते हुए बहुत खुशी हो रही है। दिल्ली ऐतिहासिक शहर है। आज फिर ऐतिहासिक काम हो रहा है वह है सफाई अभियान। सभी सरकारी एजेंसी मिलकर चलाएंगे। दिल्ली के कोने कोने से दो हफ्ते तक गन्दगी को हटाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि देश की राजधानी दिल्ली पर गंदगी और प्रदूषण एक दाग है। यमुना प्रदूषित है। गांधी जी सफाई को महत्व देते थे। आजादी के बाद नरेन्द्र मोदी पहले पीएम हैं, जिन्होंने स्वच्छता का बीड़ा उठाया है।

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने यह भी कहा कि सफाई कर्मचारी सबसे ऊपर हैं, शहर को बीमारियों से बचाने उनका अहम योगदान है। सफाई कर्मचारी खुद को छोटे नहीं समझे। सफाई कमियों की तकलीफों को दूर करने का वादा करता हूं। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि मैं दिल्ली का एलजी नही लोकल गार्जियन हूं।

वहीं, दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है- आज से दिल्ली में स्पेशल सफ़ाई अभियान शुरू हो रहा है। मेरी सभी विधायकों, सांसदों और जनता से अपील है कि इसमें बढ़ चढ़ के हिस्सा लें। हमें मिलकर अपनी दिल्ली को साफ़ करना है।