गंगा दशहरा पर सोरों जाने का बनाया है प्लान तो पहले पढ़ लें आने जाने का क्या रहेगा रूट

 

गंगा दशहरा पर सोरों, कासगंज में उमड़ता है श्रद्धा का सैलाब। जागरण अर्काइव

Ganga Dussehra 2022 गंगा दशहरा पर्व मनाया जाएगा कल। सोरों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब। संभावित भीड़ के मद्देनजर कासगंज पुलिस प्रशासन ने की तैयारियां। खींचा सुरक्षा का खाका बनाया यातायात प्लान। दूसरे जिलों की पुलिस का मांगा सहयोग।

आगरा। गंगा दशहरा पर्व गुरुवार को है। इस पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं के गंगा घाटों पर उमड़ने की संभावना है। संभावित भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से तैयारियां कर ली हैं। डीएम, एसपी ने अधीनस्थों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए समीक्षा की है। गंगा घाटों का अफसरों ने निरीक्षण किया है। निर्देश दिए हैं कि व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रहें।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया है। वहीं जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए यातायात प्लान बनाया गया है। सोमवती अमावस्या पर पिछले दिनों भीड़ ने कई साल के रिकॉर्ड तोड़े। पुलिस और खुफिया विभाग के मुताबिक लगभग पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा घाटों पर पहुंची। पुलिस और खुफिया विभाग के अनुमान धरे रह गए। यातायात व्यवस्था फेल हुई। श्रद्धालुओं को समस्याओं का सामना करना पड़ा। ऐसे में दशहरा पर्व पर प्रशासन और पुलिस कोई चूक नहीं करना चाहता। इसलिए पहले से ही पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। डीएम हर्षिता माथुर और एसपी बोत्रे रोहन प्रमोद ने अधीनस्थों के साथ बैठक की है। तैयारियों की बिंदुवार जानकारी ली है। गंगा घाट का डीएम एसपी ने निरीक्षण भी किया है।

दूसरे जिलों की पुलिस का मांगा सहयोग

यातायात व्यवस्था बनी रहे। सुरक्षा में कहीं कोई चूक न रहे इसको लेकर कासगंज पुलिस ने पड़ोसी जिला एटा, अलीगढ़ और बदायूं के पुलिस अफसरों से सहयोग मांगा है। उन्हें कासगंज पुलिस का यातायात प्लान पहुंचाया है। रूट डायवर्जन के लिए सहयोग की अपेक्षा की है। बुधवार को पुलिस के अफसरों ने बदायूं पुलिस के अफसरों के साथ बैठक कर तैयारी कर ली हैं।

घोषित किया गया सार्वजनिक अवकाश

डीएम ने दशहरा पर्व पर जिले में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। उन्होंने अवकाश घोषणा का आदेश भी जारी किया है।

आंकड़े की नजर से

 पांच सेक्टर में बांटा गया जिला - दो वाच टावर लगाए जाएंगे लहरा गंगा घाट पर

रेत में फंसी डीएम की गाड़ी

बुधवार को डीएम लहरा गंगा घाट का निरीक्षण करने गईं। लहरा घाट का रास्ता काफी रेतीला है। डीएम का वाहन इस रेतीले रास्ते में फंस गया। काफी देर मशक्कत के बाद वाहन बाहर निकाला गया।

लहरा गंगा घाट पर निरीक्षण किया है। वहां अस्थाई चेंजिंग रूम बनाने, वाच टावर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। खतरे के संकेत भी लगाने को कहा गया है। दशहरा पर्व को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई हैं।