झारखंड में मानसून ने दी दस्तक... रांची समेत कई जिलों में बारिश... पांच दिनों तक छाए रहेंगे बदल

 

Monsoon 2022: झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है। रांची समेत कई जिलों में बारिश हुई।

Jharkhand Monsoon 2022 मौसम विभाग के पूर्वानुमान से एक दिन पहले ही झारखंड में मानसून पहुंच गया है। मंगलवार को राजधानी रांची समेत गुमला लातेहार लोहरदगा पूर्वी सिंहभूम सरायकेला खरसावां जिले में दोपहर दो बजे बारिश हुई। गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत महसूस की।

रांची, संवाददाता। Monsoon In Jharkhand रांची में मंगलवार को हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिन में बारिश के बाद तापमान 38 से 33 डिग्री हो गया। रांची सहित गुमला, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां में भी बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया था। बारिश के दौरान हवा की गति 30-40 किलोमिटर प्रति घंटे रही। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार और गुरुवार तक के लिए भी अलर्ट जारी किया है। मंगलवार की बारिश के बाद यह माना जा रहा कि झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है। अगले दो दिनों में यहां झमाझम बारिश से मानसून का विधिवत आगाज हो जाएगा।

jagran

पांच दिनों में गिर जाएगा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची और आसपास के जिलों में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट आ जाएगी। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी। कुछ जिलों में हल्‍की से मध्‍यम दर्जे की बारिश भी सकती है। कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका भी है। कुछ स्‍थानों पर तेज हवा भी चल सकती है।

दुमका और हजारीबाग में अगले तीन घंटे का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने शाम चार बजे जारी एक बुलेटिन में कहा है कि झारखंड के दुमका और हजारीबाग जिले में अगले तीन घंटे के दौरान मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात की संभावना है। साथ ही, इन जिलों में तीस से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा बहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आम जनों से आग्रह किया है कि वे इस दौरान सतर्क और सावधान रहें। सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं। बिजली के खंभों से दूर रहें। किसान इस दौरान खेतों में नहीं जाएं। मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा करें।

jagran

अब गर्मी से लोगों को मिल जाएगी राहत

मालूम हो कि इस बार झारखंड के प्राय: सभी जिलों में लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। रांची में पहली बार लोगों को भीषण गर्मी से जूझना पड़ा है। यहां लोगों ने पहले कभी इतनी गर्मी का सामना नहीं किया था। इस वर्ष की गर्मी यहां चर्चा का विषय बनी रही। अब मानसून की पहली फुहार से रांची ही नहीं सभी जिलों में लोगों ने राहत महसूस की है। लोग खुश हैं कि अब गर्मी की छुट्टी हो जाएगी। बारिश का आनंद उठा सकेंगे। स्कूल भी खुल चुके हैं, बच्चों को अब स्कूल जाने में धूप का सामना नहीं करना पड़ेगा।