दिल्ली के यमुना खादर क्षेत्र में हैंड ग्रेनेड मिलने से मचा हड़कंप, एनएसजी टीम जांच में जुटी

 

Delhi Crime News: पुलिस का मानना है कि एक बार फिर कोई बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।

Delhi Crime News पूर्वी दिल्ली के थाना मयूर विहार के अंतर्गत आने वाले यमुना खादर में एक हैंड ग्रेनेड मिलने से मचा हड़कंप मच गया। सूचना पर एनएसजी की टीम एसएचओ और एसीपी मयूर विहार मौके पर पहुंचे हैं।

नई दिल्ली, संवाददाता। मयूर विहार खादर में एक ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के अलावा वरिष्ठ अधिकारी बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे, ग्रेनेड एक्टिव मिला। मौके पर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) को बुलाया गया, देर रात रात को एनएसजी ने ग्रेनेड को निष्क्रिय कर दिया। ग्रेनेड किसने खादर में फेंका इसका पता नहीं चल पाया है। मयूर विहार थाना पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

पूर्वी जिले में बम मिलने का यह पहला मामला नहीं है, गत जनवरी में गणतंत्र दिवस से कुछ दिन पहले गाजीपुर फूल मंडी के बाहर एक बैग में एक्टिव आइईडी मिला था। इस मामले में स्पेशल सेल ने केस दर्ज किया था, लेकिन सेल अभी तक भी किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि मयूर विहार खादर में यमुना के पास एक संदिग्ध वस्तु पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रेनेड मिला, पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील किया। बम निरोधक दस्ते ने जब ग्रेनेड की जांच की तो वह एक्टिव मिला।

मौके पर एनएसजी को बुलाया गया, शनिवार रात को एनएसजी ने ग्रेनेड को खादर में ही निष्क्रिय कर दिया। इसके साथ ही पुलिस ने खादर में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कुछ और नहीं मिला। पुलिस जांच कर रही है ग्रेनेड किसने फेंका है।