दिल्ली में पानी की समस्या का समाधान होने की उम्मीद, दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

 

गर्मी में दिल्ली के लोगों के सामने पेयजल संकट है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह विधूड़ी के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की और दिल्ली के लिए थोड़ा और पानी देने की गुजारिश की।

नई दिल्लीAnuradha Aggarwal । राजधानी दिल्ली में पानी की किल्लत है। पानी की समस्या को लेकर दिल्ली सरकार और भाजपा आमने-सामने हैं। केजरीवाल सरकार का आरोप है कि हरियाणा सरकार की ओर से दिल्ली के लिए पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। वहीं, हरियाणा सरकार का दावा है कि उनकी ओर से अपने हिस्से का पर्याप्त पानी भेज दिया गया है।

दरअसल, दिल्ली में भयंकर गर्मी में पानी की समस्या को लेकर हाहाकार मचा है। कई इलाकों में पानी की भारी किल्लत है। हालांकि इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह विधूड़ी के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की और दिल्ली के लिए थोड़ा और पानी देने की गुजारिश की।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब भी पानी की समस्या हुई है तो हरियाणा सरकार ने अपनी इंसानियत की मिशाल पेश करते हुए पर्याप्त पानी दिया है। लेकिन गर्मी में दिल्ली के लोगों के सामने पेयजल संकट है। इसलिए दिल्ली के लोगों की समस्या को देखते हुए पानी की मात्रा थोड़ी बढ़ाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।  

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता जानती है कि साल 20215 में भी दिल्ली के हैदरपुर एवं बवाना वाटर ट्रीमेंट प्लांट को मिलाकर 84000 एमजीडी, 2016 में 88000 एमजीडी, 2017 में 88500 एमजीडी, साल 2018 में 88000, साल 2019 में 89500 एमजीडी पानी दिया है। इसी तरह साल 2020 में 92000 एमजीडी, साल 2021 में 92500 एमजीडी पानी दिया है।

साल 2022 में दिल्ली को उसके हिस्से का लगभग 85500 एमजीडी पानी दिया जा चुका है। इसके लिए हरियाणा सरकार की जितनी तारीफ की जाए वह कम होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में पिछले साल की अपेक्षा पानी की डिमांड ज्यादा है। इस साल गर्मी काफी अधिक है। इसलिए दिल्ली की समस्या को देखते हुए पानी की मात्रा बढ़ाई जाए। पहले भी हरियाणा सरकार ने दिल्ली सरकार को पर्याप्त मात्रा से ज्यादा पानी उपलब्ध कराकर मदद की है।