झारखंड: नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवा बन रहे अधिकारी... युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

 

JPSC Result 2022: झारखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवा बन रहे अधिकारी।

JPSC Result 2022 झारखंड में गुमला के बिशुनपुर प्रखंड जो कभी नक्सलवाद के कलंक से कलंकित था। लेकिन अब यहां के युवा नक्सली नहीं बल्कि अधिकारी बन रहे हैं। सातवें जेपीएससी के परिणाम आने के बाद यहां के युवा ने एक बार फिर से ये साबित कर दिया है।

बिशुनपुर (गुमला),  झारखंड में गुमला के बिशुनपुर प्रखंड जो कभी नक्सलवाद के कलंक से कलंकित था। लोग हमेशा बिशुनपुर को नक्सली घटनाओं के नाम से जानते थे। आए दिन यहां पुलिस एवं नक्सलियों के बीच भीषण गोलीबारी एवं लैंडमाइंस का विस्फोट से पूरा बिशुनपुर दहल उठता था। स्थानीय युवा, नक्सली संगठन में शामिल हो रहे थे। परंतु अब परिस्थिति बदल चुकी है। अब बिशुनपुर के युवा नक्सली नहीं बल्कि अधिकारी बन रहे हैं।

चौथी जेपीएससी में पहली बार बिशुनपुर करमटोली के अनुज उरांव ने पुलिस सेवा में सफलता हासिल की और आज वह हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में एसडीपीओ के पद पर स्थापित है। तब से लगातार बिशुनपुर के अभ्यार्थी जेपीएससी में सफलता हासिल कर प्रखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।

पांचवी जेपीएससी में मंजीरा गांव के अमित उरांव ने प्रशासनिक सेवा में सफलता हासिल की और आज भी वह रांची सदर अंचलाधिकारी के पद पर स्थापित हैं। जबकि अमित उरांव के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा कुमारी ने भी प्रशासनिक सेवा में सफल होकर लातेहार जिला के बारियातू में बीडीओ के पद पर स्थापित है।

वहीं, छठी जेपीएससी में चेड़ा गांव की शीला उरांव भी प्रशासनिक सेवा में सफलता हासिल की और आज वह धनबाद में प्रशिक्षु बीडीओ है।

वहीं, सातवें जेपीएससी में मंजीरा गांव की नीलम कुजुर ने पुलिस सेवा एवं अंकुरी हरा टोली गांव के सुभाष अनुराग एक्का शैक्षणिक सेवा में सफलता हासिल कर पूरे बिशुनपुर प्रखंड का मान बढ़ाया है। युवाओं के लिए भी यह सभी अधिकारी प्रेरणास्रोत बन रहे हैं। इस प्रकार बिशुनपुर अब लगातार झारखंड राज्य को पदाधिकारी दे रहा है।

अनुज उरांव बने लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत

बिशुनपुर प्रखंड में पहली बार चौथी जेपीएससी में बिशुनपुर करम टोली गांव के अनुज उरांव ने पुलिस सेवा में सफलता हासिल की और लोगों के लिए वह प्रेरणास्रोत बन गए तभी से लोगों में जेपीएससी परीक्षा में शामिल होकर अधिकारी बनने की होड़ मच गई है। और कई लोग पूरे मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ाई कर अपने लक्ष्य की प्राप्ति करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। यही वजह है कि लगातार चौथी जेपीएससी से लेकर सातवीं जेपीएससी तक बिशुनपुर के अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रखंड का मान बढ़ाया है।

सफल अभ्यर्थियों को लोगों ने दी बधाई

सातवें जेपीएससी में अपना परचम लहराने वाले बिशुनपुर प्रखंड के मंजीरा निवासी नीलम कुजूर पुलिस सेवा में सफलता हासिल की है। वही अंकुरी हरा टोली गांव के सुभाष अनुराग एक्का ने शैक्षणिक सेवा में सफल हुए हैं। जिन्हें पूर्व में सफल हो गए अभ्यार्थी अनुज उरांव विष्णुगढ़ एसडीपीओ, अमित उरांव रांची सदर सीओ, प्रतिमा कुमारी लातेहार बारियातू बीडीओ, शीला उरांव प्रशिक्षु बीडीओ धनबाद, धनंजय पाठक अंचलाधिकारी बिशुनपुर छंदा भट्टाचार्य प्रखंड विकास पदाधिकारी बिशुनपुर, सुखदेव उरांव अशोक भारती, अजीत उरांव, सीताराम खेरवार सहित कई लोगों ने बधाई दी है।