
Punjab Monsoon Update 2022 पंजाब में इस साल मानसून के जल्द आने की संभावना जताई जा रही है। पिछले साल 13 जून को मानसून यूपी से होते हुए अमृतसर में दाखिल हुआ था। इससे लाेगाें काे भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
लुधियाना। Punjab Monsoon Update 2022: केरल में इस बार तीन दिन पहले ही मानसून पहुंच गया और अब वहां झमाझम बारिश हो रही है। ऐसे में अब भीषण गर्मी की मार झेल रहे पंजाब के लोग भी राहत के लिए मानसून पर नजरें गड़ाएं बैठे हैं। किसानाें के साथ ही लोग कयास लगा रहे हैं कि जिस तरह साल 2021 में मानसून ने समय से पहले पंजाब में दस्तक देकर सभी को चौंका दिया था, उसी तरह इस साल भी मानसून पहले आ जाए तो झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।
पिछले साल 13 जून को मानसून यूपी से होते हुए अमृतसर में दाखिल हुआ था। नहीं, तो हमेशा ही मानसून हरियाणा से होते हुए पंजाब में आता है। 51 साल में पहली बार था, जब पंजाब में मानसून की एंट्री 17 दिन पहले हो गई थी जबकि साधारणत: मानसून पंजाब में 30 जून या फिर जुलाई के पहले सप्ताह में ही पहुंचता है। इस संबंध में मौसम केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि मानसून के पंजाब में आने को लेकर अभी पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता है। 10 जून के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि पंजाब में मानसूब कब तक आ सकता है।
अभी तक के पूर्वानुमान के मुताबिक मानसून 30 जून या फिर जुलाई के पहले सप्ताह में पंजाब में आएगा। लेकिन बड़ी बात यह है कि एक जून से सितंबर तक के मानसून सीजन के दौरान इस बार राज्य में सामान्य से अधिक बारिश होगी। जून में भी बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना है। हालांकि, जून का पहला सप्ताह सूखा ही जा रहा है।
बता दें कि मार्च व अप्रैल पूरी तरह से सूखे रहे। इन दोनों महीनों में पंजाब में सामान्य से 90 से 98 फीसद कम बारिश हुई। यह दोनों महीने काफी गर्म रहे। इसका असर फसलों पर पड़ा, वहीं हीट अधिक होने की वजह से लोगों के लिए स्वास्थ्य सबंधी परेशानियां भी खड़ी हुई। जबकि मई के दूसरे सप्ताह के बाद से तीन से चार बार सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टबेंस की वजह से पंजाब के कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।जिससे लू से राहत मिली।