योग को आसान बनाएंगे ये एप्स, तनाव और परेशानियों से मिलेगी राहत

 

गूगल प्ले स्टोर और एपल के एप स्टोर पर कई एप्स मौजूद हैं, जो योग सीखने में आपकी सहायता करेंगे

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग यह न सिर्फ तनाव और अन्य परेशानियों से राहत दिलाता है बल्कि आप पूरे दिन स्फूर्तिवान भी बने रहते हैं। यदि आपने अब तक योग करना शुरू नहीं किया है तो देर नहीं करें। ...

 योग सेहत के लिए बेहद जरूरी है। तकनीक के इस दौर में योग के विभिन्न आसनों को सीखने और उनके अभ्यास के लिए जरूरी नहीं है कि आप किसी पार्क या फिर योग सेंटर ही जाएं। अब ऐसे बहुत सारे एप्स और यूट्यूब चैनल मौजूद हैं, जिनकी मदद से योग की हर क्रिया को आसानी से घर पर ही आजमा सकते हैं। अच्छी बात है कि इन एप्स में आपको चरण दर चरण योगासनों से जुड़े निर्देश भी मिलते रहते हैं। योग नहीं जानते हैं, तो फिर इनसे काफी मदद मिल जाएगी।

डब्ल्यूएचओ एम योग एप: इस फिटनेस एप को आयुष मंत्रालय और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया गया है। इसकी अच्छी बात है कि बिना साइन इन किए मुफ्त में योग प्रशिक्षण हासिल कर सकते हैं। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। योग सीखने के लिए इसे डाउनलोड कर सकते हैं। एम योग एप को मुख्य रूप से दो सेक्शन में बांटा गया है-लर्निंग टैब और प्रैक्टिस टैब। लर्निंग टैब उन यूजर्स के लिए है, जो योग के लिए पूरी तरह से नये हैं। इसमें आपको अलग-अलग आसान से जुड़े वीडियो मिल जाएंगे, जिससे उचित तकनीक के साथ विभिन्न योगासनों को सीखने में मदद मिलेगी। प्रैक्टिस टैब की बात करें, तो यह उन यूजर्स के लिए है, जो आसन सीख चुके हैं, लेकिन प्रैक्टिस जारी रखना चाहते हैं। दोनों मोड अलग-अलग समय अवधि के साथ आते हैं, जैसे कि 10 मिनट, 20 मिनट और 45 मिनट। इसमें आडियो-वीडियो सुविधा मिलती है। आसनों की बात करें, तो इसकी मदद से ताड़ासन, अर्धचक्रासन, भुजंगासन, शलभासन आदि कर सकते हैं। एप पर वीडियो को स्ट्रीम या फिर डाउनलोड भी किया जा सकता है यानी आफलाइन देखने के लिए भी वीडियो को सहेज सकते हैं।

वाइ-ब्रेक : अगर आप कामकाजी हैं और कार्य के दौरान थका हुआ महसूस करते हैं, तो फिर आयुष मंत्रालय का वाइ-ब्रेक एप आपको तनाव से बाहर निकालने में मदद कर सकता है। यह एप कार्य के दौरान फिर से खुद को चार्ज करने का एक अच्छा तरीका हो सकता है। अच्छी बात है कि यहां पर मौजूद योग को कार्यस्थल पर भी किया जा सकता है। यह आपको तरोताजा रहने में मदद कर सकता है। इसकी खासियत है कि काम के बीच ब्रेक के दौरान आपको तनाव से दूर रहने, तरोताजा रहने और फिर से ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगा। यहां पर दिए गए योग को केवल पांच मिनट में किया जा सकता है। इसकी मदद से कार्यस्थल पर ध्यान के साथ प्रोडक्टिविटी को बढ़ाया जा सकता है। इसमें कुछ आसान योगाभ्यास शामिल हैं, जैसे कि आसन, प्राणायाम (श्वास तकनीक),ध्यान आदि। यहां पर हर मिनट के हिसाब से योग को सावधानीपूर्वक डिजाइन किया गया है। इसे आप गूगल प्ले स्टोर से फ्री में डाउनलोड कर सकते हैं।

नमस्ते योग : यह आयुष मंत्रालय का एक और योग एप है। योग के प्रति लोगों की जागरूकता को बढ़ाने के लिए इसे डिजाइन किया गया है। नमस्ते योग एप की मदद से आप योग केंद्रों, कार्यक्रमों और प्रशिक्षकों की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इतना ही नहीं, यह योग केंद्रों और प्रशिक्षकों को खुद को बढ़ावा देने के लिए एक मंच भी प्रदान करता है। सर्टिफाइड ट्रेनर खुद को यहां पर रजिस्टर कर सकते हैं। इसकी मदद से अपने आसपास के योग केंद्र और योग कक्षाओं को सर्च किया जा सकता है। यह देशभर में योग संस्थानों द्वारा आयोजित किए जा रहे योग कार्यक्रमों के बारे में भी विवरण प्रदान करता है। इन आयोजनों में पंजीकरण करने या इसमें शामिल होने के लिए आफलाइन या आनलाइन लिंक की सुविधा भी होती है। इस मंच पर आपको सेलिब्रिटी वीडियोज भी मिल जाएंगे। योग की शुरुआत के लिए आसन, सांस से जुड़े व्यायाम, प्राणायाम आदि के डेमो वीडियो भी हैं। यह एप यूजर्स के दैनिक कदमों और कैलोरी बर्न की निगरानी में भी मदद करता है। इसे एपल और एंड्रायड डिवाइस के लिए डाउनलोड किया जा सकता है।

ये भी हैं काम के : योग के लिए आप डेली योग-फिटनेस योग प्लान ऐंड मेडिटेशन एप की ट्राई कर सकते हैं। यहां पर आपको हर तरह के आसन की जानकारी मिल जाएगी। योगासन से जुड़ा स्टेप-बाय-स्टेप मार्गदर्शन भी मिलता है। अपनी सुविधा के हिसाब से 5-70 मिनट के सेशंस में से अपने लिए योग का चुनाव कर सकते हैं। इसके अलावा, आप चाहें तो डाउन डाग योग एप भी आजमा सकते हैं। यह एंड्रायड और आइओएस डिवाइस के लिए उपलब्ध है। इसकी खास बात है कि यहां पर आपको 60 हजार से अधिक तरह के योग अभ्यास मिलते हैं। इसकी तरह का एक और योग एप है- 5 मिनट योग। इसमें दिए गए योग आसन को पांच मिनट में ही पूरा किया जा सकता है। यह आपको आफिस के तनाव और सोने से पहले रिलैक्स होने में मदद करेगा। यह गूगल प्ले स्टोर और एप स्टोर पर उपलब्ध है। सिंपल योग -होम इंस्ट्रक्टर एप की मदद से भी आप घर बैठे योग कर सकते हैं। यह योग एप पर्सनल योग इंस्ट्रक्टर की तरह काम करता है। इसमें आप अपनी सुविधा के हिसाब से 20 से 60 मिनट के योग अभ्यास चुन सकते हैं। इसमें शुरुआती लेवल से लेकर एडवांस्ड लेवल के योगाभ्यास मिलेंगे। पूरे रूटीन में वीडियो और आडियो निर्देश दिए गए हैं। जो लोग घर पर ही योगाभ्यास करना चाहते हैं, उनके लिए यह बेहतर हो सकता है। इसे एंड्रायड और आइओएस के लिए डाउनलोड किया जा सकता है।

यूट्यूब की ले सकते हैं मदद : यूट्यूब की बात करें, तो 'स्वामी रामदेव' का चैनल काफी लोकप्रिय है। इसे अलावा, 'गायत्री योग' भी विजिट कर सकते हैं। इसमें योग सीखने की शुरुआत करने वाले लोगों के लिए कई तरह के क्लासेज मौजूद हैं। यूट्यूब पर 'योग विथ एड्रिने' भी काफी लोकप्रिय है। यहां पर आप लेंथ, स्किल लेवल, वेट लास, बैक पेन, नेक पेन आदि के हिसाब से योगासन का चयन कर सकते हैं। यह हर वर्ग के यूजर के लिए उपयोगी है, यहां तक कि उनके लिए भी जो बिल्कुल भी योग नहीं जानते हैं। इसमें सभी स्तर के योग वीडियोज हैं, जिन्हें देखकर घर पर योग का अभ्यास करना आसान हो जाएगा।