चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष के नाम का एलान, हाईकमान ने हरमोहिंदर सिंह लक्की को सौंपी कमान

 

चंडीगढ़ कांग्रेस प्रधान सुभाष चावला ने शनिवार को प्रदेश प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी हाईकमान ने आज नए प्रदेश प्रधान के नाम का एलान कर दिया है। हरमोहिंदर सिंह लक्की को नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

 संवाददाता, चंडीगढ़। हरमोहिंदर सिंह लक्की चंडीगढ़ कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। शनिवार को सुभाष चावला के इस्तीफा देने के बाद से यह कयास लगाए जा रहे थे कि लक्की को ही अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलेगी। लक्की चंडीगढ़ कांग्रेस में कई पदों पर रह चुके हैं।

लक्की युवा कांग्रेस के दस साल तक प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल की सहमति के बाद उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनके नाम को अंतिम मुहर लगाई है।बता दें, लक्की इस समय चंडीगढ कांग्रेस के महासचिव के पद पर थे।अध्यक्ष बनने के साथ ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है। सभी समर्थक लक्की के सेक्टर-8 स्थित घर पर पहुंच रहे हैं। लक्की पेशे से वकील हैं। वह पंजाब विश्वविद्यालय के स्टूडेंट रहे हैं। 50 वर्षीय लक्की एनएसयूआइ के भी प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।