भाजपा ने की अग्निपथ योजना की तारीफ, कहा- हरियाणा के युवाओं के लिए कारगर साबित होगी

 

हरियाणा भाजपा ने अग्निपथ योजना की सराहना की है। (सांकेतिक फोटो)

Agneepath Scheme हरियाणा भाजपा ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना की सराहना की है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह योजना युवाओं के लिए कारगर साबित होगा। इससे प्रदेश के युवाओं को अधिक संख्‍या में सेना में जाने का मौका मिलेगा।

चंडीगढ़, राज्‍य ब्‍यूरो। हरियाणा भाजपा ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना की दिल खोलकर सराहना की है। भाजपा ने कहा कि देश की सेवाओं में हर दसवां व्यक्ति हरियाणा का है। यहां के किसान और जवान ने देश भर में अपनी मेहनत और काबिलियत का डंका बजवाया है। अग्निरपथ योजना के तहत सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने की चाह रखने वाले हरियाणा के युवाओं को सबसे अधिक मौका मिलने की संभावना है।

भाजपा ने कहा, प्रदेश के युवाओं को मिलेगा देश की सेना में सेवा करने का मौका 

भाजपा ने शहरी निकाय चुनाव में भी भाजपा-जजपा गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत का दावा करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में दो सीटों की जीत से यह साफ हो गया है कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार आना तय है।हरियाणा में हर साल करीब दो लाख हजार युवा देश की सेनाओं में जाने की तैयारी करते हैं। इनमें से छह से 10 हजार युवा सेना में शामिल होकर देश की सेवा भी करते हैं।

राज्यसभा के बाद अब शहरी निकाय चुनाव पर फोकस, तीसरी बार सरकार का दावा

भाजपा नेताओं का कहना है कि  हरियाणा ने देश को कई सेना प्रमुख दिए हैं। इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय रक्षा मंत्रालय द्वारा चलाई जाने वाली अग्निपथ योजना को हरियाणा अपने हित में मानकर चल रहा है। हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत चार साल तक देश की सेवा करने वाले इन युवाओं को केंद्र सरकार बाद में स्थायी भर्ती में भी मौका देगी। दक्षिण हरियाणा के कई जिले ऐसे हैं, जिनमें हर घर का कम से कम एक युवा सेना में है। ऐसे गांवों की संख्या काफी अधिक है, जहां पूरा का पूरा परिवार और हर घर सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहा है।

भाजपा प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने राज्यसभा चुनाव में दोनों सीटों पर भाजपा की जीत को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के रणनीतिक कौशल और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के संगठनात्मक प्रबंधन का नतीजा करार दिया है। उन्होंने कहा कि सभी दलों और विधायकों को नजर आ चुका है कि भविष्य भाजपा का है और प्रदेश के हित मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हाथों में ही सुरक्षित हैं।

कटारिया ने शहरी निकाय चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ हर जिले में जाकर लोगों से रूबरू हो रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी जल्दी ही लोगों के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की कार्य योजना से अवगत कराएंगे।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में राज्य में भ्रष्टाचार काफी कम हुआ है। अधिकारी अब सुविधा शुल्क लेते हुए डरते हैं। सुशासन की ओर बढ़ते हुए सरकार ने फाइलों का ट्रैकिंग सिस्टम विकसित कर दिया है। इसके अलावा, प्रदेश सरकार का फोकस जातिवाद, क्षेत्रवाद और असमानता को समूल नष्ट करने की तरफ है।