गुवाहाटी में भूस्खलन से चार लोगों की मौत, मलबे में दबे मिले शव

 

असम में भूस्खलन से चार लोगों की मौत (फोटो- एएनआइ)

असम की राजधानी गुवाहाटी में मंगलवार को हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई। सभी के शव मलबे में दबे मिले। यह हादसा बोरेगांव के पास निजारापार इलाके में हुआ जहां चार मजदूर रह रहे थे।

गुवाहाटी, एएनआइ। असम (Assam) की राजधानी गुवाहाटी (Guwahati) में बोरागांव क्षेत्र (Boragaon Region) के पास निजारापार इलाके में मंगलवार को हुए एक बड़े भूस्खलन (Landslide) के बाद चार लोग जिंदा दफन हो गए। भूस्खलन सोमवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण हुआ है। घटना के बाद, पुलिस और अग्निशमन और आपातकालीन सेवा (F&S) की टीमें मौके पर पहुंची और मलबे के नीचे से चार लोगों के शव बरामद किए।। 

किराए के मकान में रहते थे सभी मजदूर

पुलिस ने बताया कि ये लोग इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे और भवन निर्माण कार्य में लगे हुए थे. सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) नंदिनी काकाती ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचीं।

घर में घुसी पहाड़ियों की मिट्टी 

उन्होंने बताया, 'हमें आस-पास के स्थानीय लोगों से पता चला कि घर में चार मजदूर रह रहे थे और शायद उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी, जब वे रात को सो रहे थे। घर की दीवार टूट गई थी और पहाड़ियों की मिट्टी घर में घुस गई थी। इससे मजदूर मलबे में फंस गए। अभी तक हमें पता चला है कि चार लोग मलबे में फंसे हुए हैं। हमारा खोज और बचाव अभियान जारी है। चार में से तीन धुबरी से और एक कोकराझार से हैं। वे किराए के मकान में रहते थे और भवन निर्माण कार्य में लगे हुए थे।'

सभी शव बरामद

दूसरी ओर, गुवाहाटी शहर पुलिस के पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) नबनीत महंत ने एएनआइ को बताया कि सभी चार लोगों की मौत हो गई है। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।