मुलायम सिंह की छोटी बहू व भाजपा नेता अपर्णा यादव को मिली जान से मारने की धमकी, परिवार में मचा हड़कंप

 

अपर्णा यादव को जान से मारने की धमकी दी गई।

Aparna Yadav News भाजपा नेता अपर्णा यादव को वाट्सएप काल के जरिए जान से मारने की धमकी अज्ञात ने दी है। आरोपी ने 72 घंटे में उन्हें जान से उड़ाने की धमकी दी है। धमकी के बाद पूरा परिवार समदे है।

Aparna Yadav News: लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू व भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव को जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी वाट्सएप काल के जरिए दी गई है। धमकी देने वाला ने कहा है कि 72 घंटे में उन्हें बम ले उड़ा देंगे। धमकी के बाद पूरा परिवार समदे में है। मामले पर पुलिस के मुताबिक तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

लखनऊ में भाजपा नेता अपर्णा यादव को जान से मारने की धमकी की सनसनीखेज खबर आने के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि भाजपा नेता को वाट्सएप पर जिस नंबर से काल आई थी वह अज्ञात थी। पुलिस फोन पर आए नंबर और फोन करने वाले की तलाश में जुट गई है। भाजपा नेता को धमकी के बाद अब गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।

बता दें कि भाजपा नेता अपर्णा बिष्ट यादव, मुलायम सिंह यादव दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया था। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुई थीं।

भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने के तीसरे दिन अपर्णा यादव ने मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद लिया था। उन्होंने मुलायम सिंह से आशीर्वाद लेने का फोटो भी ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा था, 'भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने के पश्चात लखनऊ आने पर पिताजी/नेताजी से आशीर्वाद लिया।'  

इससे पहले अपर्णा यादव ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ की कैंट सीट सपा के टिकट पर उतरी थीं। इस चुनाव में उनको भाजपा की डा. रीता बहुगुणा जोशी हरा दिया था।