ED दफ्तर में राहुल गांधी से पूछताछ के बीच कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, जलाए गए टायर; हिरासत में लिए गए सचिन पायलट

 

National Herald Case LIVE: ED दफ्तर में राहुल गांधी से पूछताछ के बीच कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, जलाए गए टायर; हिरासत में लिए गए सचिन पायलट

National Herald Case LIVE: नेशनल हेराल्ड मामले में लगातार तीसरे दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय में पूछताछ चल रही है। हालांकि, राहुल गांधी से ईडी दफ्तर में पूछताछ के बीच कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला।

HighLights

  1. कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी दफ्तर में पूछताछ जारी है।
  2. अकबर रोड के पास बैरिकेडिंग लगाई गई है और इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है।
  3. मनी लांड्रिंग मामले में राहुल गांधी से दो दिन हो चुकी है पूछताछ।

नई दिल्ली, एजेंसी। नेशनल हेराल्ड मामले में लगातार तीसरे दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय में पूछताछ चल रही है। हालांकि, राहुल गांधी से ईडी दफ्तर में पूछताछ के बीच कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने टायर भी जलाए। यहीं नहीं कांग्रेस नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में भी लिया। इससे पहले नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से लगातार दो दिनों तक ईडी दफ्तर में पूछताछ हुई थी। दूसरे दिन ईडी ने राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में करीब 11 घंटे तक पूछताछ की थी। वहीं, सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी अधिकारियों ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की थी।

  • लगभग 800 कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

     प्रवर्तन निदेशालय द्वारा राहुल गांधी से पूछताछ का विरोध करने पर कांग्रेस के करीब 800 वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को सोमवार से हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने और अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद पहुंचने पर की गई है।

  • 03:51 PM, 15 Jun 2022

    सचिन पायलट को पुलिस ने हिरासत में लिया

    नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा राहुल गांधी से पूछताछ को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट को पुलिस ने हिरासत में लिया।

  • 03:04 PM, 15 Jun 2022

    कांग्रेस नेताओं की चल रही बैठक

    दिल्ली पुलिस के कांग्रेस मुख्यालय में प्रवेश के मुद्दे पर AICC दफ्तर में केसी वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, रणदीप सुरजेवाला और अधीर रंजन चौधरी सहित कांग्रेस नेताओं की बैठक चल रही है।

  • 02:16 PM, 15 Jun 2022

    रणदीप सुरजेवाला ने दिल्ली पुलिस पर लगाए आरोप

    कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने दिल्ली पुलिस और सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा, मोदी सरकार और दिल्ली पुलिस अब गुंडागर्दी पर उतर आई है, AICC के कार्यालय में घुस कर कार्यकर्ताओं और नेताओं को मारना पीटना संयम की सब हदें पार कर गई है। दिल्ली पुलिस के कठपुतली अधिकारी भी जान लें कि ये याद रखा जाएगा। हम गांधीवादी, शांतिप्रिय और अहिंसक हैं। आप अगर नेमप्लेट उतार कर दफ्तर के दरवाजे तोड़ कर गुंडागर्दी करेंगे तो फिर ये मत समझिए कि कांग्रेस के कार्यकर्ता चुप बैठे रहेंगे। हमें जवाब देना भी आता है।

  • 01:23 PM, 15 Jun 2022

    दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

    कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमें अपने ही पार्टी मुख्यालय जाने से रोका जा रहा है। मेरे सरकारी आवासीय परिसर को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया है। यह राजनीतिक बदले की ओर इशारा करता है।

  • 12:44 PM, 15 Jun 2022

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलाए टायर

    नेशनल हेराल्ड मामले में पार्टी नेता राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की जांच के विरोध में प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर विरोध जताया।

  • 12:20 PM, 15 Jun 2022

    अधीर रंजन चौधरी ने सरकार पर साधा निशाना

    कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा ये सरकार अपराधी है, अगर ये अपराधी न होते तो प्रजातंत्र की धज्जियां नहीं उड़ाते। प्रशासन को कुछ कहते हैं तो ये बोलते है कि हमें ऊपर से निर्देश दिए गए हैं, यानि इन्हें मोदी-शाह ने निर्देश दिया है। हिंदुस्तान में ऐसी बर्बरता पहले नहीं देखी गई।

  • 12:03 PM, 15 Jun 2022

    कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हिरासत में लिए गए कई नेता

    राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं को AICC कार्यालय के बाहर पुलिस ने हिरासत में लिया है। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा क्या हम आतंकवादी हैं, तुम हमसे क्यों डरते हो। वे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस बल का इस्तेमाल कर रहे हैं।

  • दिल्ली में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं का हंगामा

    कांग्रेस की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी आज लगातार तीसरे दिन ईडी के सामने पेश हो रहे हैं।

  • राहुल गांधी पहुंचे ईडी दफ्तर

    नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लगातार तीसरे दिन पेश होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय पहुंचे।

  • 11:37 AM, 15 Jun 2022

    राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा के घर के बाहर पुलिस तैनात

    राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शनों के मद्देनजर पुलिस ने आज सुबह ही राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा के दिल्ली स्थित 15 तगलक लेन आवास की घेराबंदी कर दी है।

  • 11:17 AM, 15 Jun 2022

    सड़क पर कांग्रेसियों का हंगामा

    नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी की तीसरे दिन ईडी दफ्तर में पेशी होगी। राहुल की पेशी से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। इस दौरान पुलिस ने कई नेताओं समेत कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

  • 10:39 AM, 15 Jun 2022

    भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

    छत्तीसगढ़ के सीएम और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा हम अब अपने कर्मचारियों को AICC कार्यालय में नहीं ला सकते हैं। हमें बताया गया था कि केवल 2 सीएम ही यहां आ सकते हैं और किसी और को अनुमति नहीं है।

  • 10:18 AM, 15 Jun 2022

    पूरा देश इस घटना को देख रहा है- भूपेश बघेल

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा देश के हर मुद्दे को राहुल गांधी ने उठाया है और इसलिए इन्हें परेशान किया जा रहा है। इनका (भाजपा) का जो राष्ट्रवाद है वो आयातित राष्ट्रवाद है, उस राष्ट्रवाद में जो भी विरोध में हो उसे दबा दिया जाए और कुचल दिया जाए ये होता है। लेकिन उन्हें ये बहुत महंगा पड़ेगा। आप कार्यकर्ता-नेता को कार्यालय में आने से प्रतिबंध लगाा रहे हैं। आप किसी को एक सीमा तक दबा सकते हैं उससे ऊपर नहीं। पूरा देश इस घटना को बेहद करीब से देख रहा है।

  • 10:16 AM, 15 Jun 2022

    भूपेश बघेल बोले- केंद्र सरकार की नाकामियों को राहुल ने किया उजागर

    भूपेश बघेल बोले- केंद्र सरकार की नाकामियों को राहुल ने किया उजागर

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा पहली बार किसी पार्टी के कार्यकर्ता अपनी ही पार्टी के कार्यालय नहीं जा सकते है और ये स्थिति बनी क्यों, क्योंकि पिछले 8 वर्ष से देश में जो हो रहा है, उसे एक व्यक्ति लगातार केंद्र सरकार की नाकामियों को सबके सामने रख रहा है और वो राहुल गांधी हैं। उन्होंने कहा कि हमसे कहा गया कि केवल दो मुख्यमंत्री ही आ सकते हैं और लोग नहीं आ सकते हैं। किस प्रकार से हम पार्टी कार्यालय में पहुंचे, ऐसी स्थिति पहले नहीं हुई थी।

  • 10:03 AM, 15 Jun 2022

    केंद्र सरकार पर बरसे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

    केंद्र सरकार पर बरसे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

    नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी की तीसरे दिन ईडी दफ्तर में पेशी से पहले कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर हमला बोला। राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा ये 8 साल का काला अध्याय है, इतिहास में इस 8 साल को अगर देखा जाएगा तो ये काला अध्याय के रूप मे देखा जाएगा, क्योंकि इसमें संवैधानिक धज्जियां उड़ रही है, लोकतंत्र खतरे में हैं और पूरे देशवासी बहुत दुखी हैं और तनाव में हैं।

  • 09:47 AM, 15 Jun 2022

    कांग्रेस मुख्यालय पर राहुल के समर्थन में लगे नारे

    नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की जांच के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए।

  • 09:42 AM, 15 Jun 2022

    कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात

    नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी आज लगातार तीसरे दिन ईडी के सामने पेश होंगे। इस बीच कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही वहां बैरिकेड्स भी लगाए गए हैं।

  • 09:31 AM, 15 Jun 2022

    कांग्रेस मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

    नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ED की पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय में प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल गांधी से आज तीसरे दिन भी प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ होने वाली है।

  • 08:55 AM, 15 Jun 2022

    राहुल गांधी से आज भी होगी पूछताछ

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज फिर प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होंगे। नेशनल हेराल्ड अखबार से संबंधित कथित मनी लान्ड्रिंग मामले में राहुल गांधी से आज तीसरे दिन भी पूछताछ होगी।

  • 08:19 AM, 15 Jun 2022

    दिल्ली के अकबर रोड इलाके में लगाई गई धारा 144

    दिल्ली के अकबर रोड के पास बैरिकेडिंग लगाई गई है और इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है