IAS दुर्गा शक्ति नागपाल पर बन रही है फिल्म, अखिलेश यादव की छवि हो सकता है बड़ा नुकसान !

 

IAS दुर्गा शक्ति नागपाल पर बन रही है फिल्म, अखिलेश यादव की छवि हो सकता है बड़ा नुकसान

आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी कार्यशैली से खूब सुर्खियां बटोरी हैं। ताजा मामले में वह इन दिनों एक फिल्म को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। उन पर जल्द ही एक फिल्म बनने वाली है।

नोएडा, डिजिटल डेस्क। देश में कई ऐसी महिला आईपीएस और आईएएस अफसर रही हैं जिन्होंने अपनी ईमानदारी और बहादुरी से सुर्खियां बटोरी हैं। जब हम होनहार आईएएस महिला अफसरों की बात करते हैं तो इस कड़ी में आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल के नाम को कैसे भूल सकते हैं। इस आईएएस अफसर की बहादुरी की कहानी से हर लड़की को लाइफ में कुछ कर गुजरने की प्रेरणा मिलती है।

आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। वह अपनी कार्यशैली को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं। ताजा मामले में वह इन दिनों एक फिल्म को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। बता दें कि कभी अखिलेश यादव की सरकार के लिए 'परेशानी' बनीं तेजतर्रार महिला आईएएस अफसर दुर्गा शक्ति नागपाल पर अब जल्द ही फिल्म बनने वाली है।

बताया जाता है कि साल 2013 में रेत के अवैध खनन को समाप्त करने के अपने साहसिक कदम के कारण आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल समाचार पत्रों की हेडलाइन बनी थीं। इस मामले के कुछ साल बाद प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सुनील खेतरपाल ने ऐलान किया था कि वो दुर्गा शक्ति नागपाल की जीवनी को बहुत जल्द बड़े पर्दे पर लाने का प्रयास करेंगे।

आखिर क्यों हुईं निलंबित

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के एक गांव में अवैध रूप से बनाई जा रही मस्जिद की दीवार गिराने के आरोप में तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार (अखिलेश यादव सरकार) ने दुर्गा शक्ति नागपाल को निलंबित कर दिया था। इस मामले में उनके खिलाफ चार्जशीट भी दायर की गई थी।

चार्जशीट बताया गया था कि उन्हें दीवार गिराने का कोई अधिकार नहीं था, इसके बावजूद उन्होंने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। हालांकि उस समय उनके निलंबन का काफी विरोध किया गया था। कई नेताओं ने सरकार के इस एक्शन का विरोध किया था। इसी के चलते 22 सितंबर, 2013 में उनका निलंबन रद किया गया। इसके बाद अक्टूबर में उन्हें कानपुर देहात में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के तौर पर नियुक्त दी गई।

jagran

कौन हैं IAS ऑफिसर दुर्गा शक्ति नागपाल?

आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल एक चर्चित नाम हैं। उनका जन्म 25 जून 1985 को यूपी के आगरा में हुआ था। उन्हें एक ईमानदार और बहादुर आईएएस अफसर माना जाता है। उन्होंने इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय से कंप्यूटर इंजीनियरिंग के स्नातक की पढ़ाई की है।

पति भी हैं आईएएस ऑफिसर

बता दें कि आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल के पति अभिषेक सिंह भी एक आईएएस ऑफिसर हैं। यूपी कैडर के आईएएस अभिषेक सिंह से शादी के बाद दुर्गा शक्ति नागपाल को भी यूपी कैडर मिला। साल 2011 में इन दोनों की शादी हुई थी।

बता दें कि पिछले दिनों एक इंटरव्यू में दुर्गा शक्ति नागपाल की बायोपिक के बारे में सवाल पूछा गया था। इसके जवाब में उन्होंने बताया था कि 'डायलॉग्स के साथ डिटेल्ड स्क्रिप्ट तैयार हो गयी है। फिल्म के लिए फीमेल लीड रोल को फाइनल किया जा रहा है। फिल्म के साल 2022 के आखिर तक रिलीज होने की संभावना है।