twitter पर फिर फूटा निशिकांत बम... हेमंत सोरेन पर बड़ा इल्जाम... पढ़िए, क्या कह रहे भाजपा सांसद

 

Jharkhand News: हेमंत सोरेन के खिलाफ निशिकांत दुबे ने फिर एक नया टवीट किया है।

Hemant Soren Vs Nishikant Dubey मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विरोध में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का सियासी आपरेशन जारी है। हर दिन हेमंत सोरेन के खिलाफ एक नया टवीट करने वाले भाजपा सांसद ने गुरुवार को भी नया बयान दिया है। पिछले कई दिनों से यह सिलसिला जारी है।

रांची, डिजिटल डेस्क। झारखंड की राजनीति में इस समय देखा जाए तो निशिकांत दुबे बनाम हेमंत सोरेन चल रहा है। भाजपा खेमे से निशिकांत दुबे ही विपक्ष का असली किरदार निभाते नजर आ रहे हैं। कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। खासतौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे इस समय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पीछे हाथ धोकर पड़ गए हैं। उनकी सुबह की शुरुआत टविटर पर हेमंत सोरेन संबंधित टिप्पणी से होती है। वे हर दिन कोई न कोई ऐसी बात जरूर कह देते हैं कि झारखंड सरकार सवालों के कठघरे में खड़ी हो जाती है। निशिकांत दुबे ने गुरुवार को पुन: एक टवीट किया है। इसमें खुलकर लिखा है- माननीय सुप्रीम कोर्ट और माननीय हाईकोर्ट में मुख्यमंत्री, उनके दरबारी, झारखंड के दलालों, भ्रष्टाचारी को जिरह करने के लिए या अपनी चोरी की सीनाजोरी छिपाने का कोई रास्ता नहीं मिल रहा है, इसलिए कोर्ट में अब मेरे ट्विटर पर उनकी बहस होगी और नजर है। पहले भी मेरे ट्वीट पर झारखंड सरकार गई है।

भाजपा सांसद के नए टवीट का क्या है संदर्भ

बहरहाल, गुरुवार को निशिकांत दुबे का जो नया टवीट आया है, उससे यही अंदाजा लगाया जा रहा कि हेमंत सोरेन सरकार की ओर से अदालत में भाजपा सांसद के टवीट का हवाला देते हुए जांच एजेंसियों की मंशा पर सवाल उठाया जा सकता है। अदालत में सरकार की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल पहले भी कह चुके हैं कि हेमंत सोरेन के खिलाफ राजनीतिक साजिश के आरोप लगाए जा रहे हैं। संभव है राज्य सरकार अब इन सभी टवीट को आधार बना कर पुन: अदालत में अपनी बात दोहराए।