तजाकिस्तान में फंसे 44 मजदूरों की हुई वतन वापसी, दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही मिट्टी को चूम कर किया प्रणाम


संवाददाता, बेरमो: तजाकिस्तान में फंसे झारखंड के सभी मजदूरों के परिवारों के लिए खुशखबरी सामने आयी है। तजाकिस्तान में फंसे सभी मजदूरों की सोमवार की दोपहर सकुशल वतन वापसी हो गई। सभी 44 प्रवासी मजदूर तजाकिस्तान की राजधानी दुशांबे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमन एयरलाइन से नई दिल्ली सही सलामत पहुंच गए। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही मजदूरों ने ईश्वर का धन्यवाद देते हुए मिट्टी को चूम कर प्रणाम किया।

सोशल मीडिया के माध्यम से लगाई थी गुहार

बतातें चले कि झारखंड के गिरिडीह, हजारीबाग एवं बेरमो के 44 मजदूर तजाकिस्तान में फंसे हुए थे, सभी ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रवासी मजदूर के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली से वीडियो शेयर कर वतन वापसी की गुहार लगाई थी। जिसके बाद राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजदूरों को सकुशल वापसी का प्रयास किया था। इसके बाद मजदूरों को ना सिर्फ भारतीय दूतावास लाया गया था बल्कि बकाया मजदूरी का भी भुगतान कराया गया। इसके बाद 44 मजदूरों की वतन वापसी कराई गयी।

वतन वापसी करने वाले मजदूर

लौटने वाले मजदूरों में बेरमो अनुमंडल के गोमिया प्रखंड के सिधाबारा निवासी मुकेश महतो, महुआटांड़ के टीको महतो, बोकारो थर्मल निवासी कमलेश अगरिया सहित गिरिडीह के बगोदर प्रखंड के अडवारा के संतोष महतो, सरिया प्रखंड अंतर्गत लुतयानो के तेजो महतो, चिचाकी के दशरथ महतो, नुनूचंद महतो, गणेश महतो, डुमरी प्रखंड अंतर्गत दुधपनियां के नंदू कुमार महतो, खेचगढी के प्रदीप महतो, चेगडो सोहन महतो, गिरि महतो, डुमरी के बीरेन्द्र कुमार, घुजूडीह के नकुल महतो, हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ अंतर्गत खरना तिलेश्वर महतो, प्रदीप गंजु, रामेश्वर महतो, महाबीर महतो, रीतलाल महतो, गोवेर्धन महतो, मितलाल महतो, भलुआ के जगदीश महतो, बासुदेव महतो, प्रेमचंद महतो, बरहमदेव महतो, गोविंदपुर बालेश्वर महतो, आशोक सिंह, जोबर के आयोध्या महतो, उमेश महतो, टेकलाल महतो, तालो महतो, बीरू सिंह, संतोष महतो, बंदखारो के मंगर महतो, नारायण महतो, कृष्णा कुमार मंडल, दिलीप महतो, विनय महतो, मनोज कुमार महतो, त्रिभुवन महतो, लालदेव महतो, बसंत मंडल तुलसी महतो, नेरकी के रोहित सिंह शामिल हैं।