त्रिपुरा में भाजपा को एक और बड़ा झटका, आदिवासी नेता दीबा चंद्र हरंगखाल ने विधानसभा से दिया इस्तीफा

 

त्रिपुरा के भाजपा विधायक ने त्रिपुरा विधानसभा से इस्तीफा दे दिया।
;

त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भाजपा को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के एक प्रमुख चेहरे विधायक दीबा चंद्र हरंगखाल ने बुधवार को त्रिपुरा विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद नेता ने मीडिया से कहा कि व्यक्तिगत कारणों से इन्होंने अपना त्यागपत्र दिया है।

अगरतला, आईएएनएस। त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव नजदीक है। इस बीच, राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा को लगातार झटके लग रहे हैं। पार्टी के एक और प्रमुख चेहरे, विधायक दीबा चंद्र हरंगखावली ने बुधवार को त्रिपुरा विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। अनुभवी आदिवासी नेता दीबा चंद्र ने त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में करंचरा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी।

विधानसभा सचिव को सौंपा इस्तीफा

पूर्व विधायक आशीष कुमार साहा सहित कई कांग्रेस नेताओं के साथ दीबा चंद्र ने भी अपना त्याग पत्र राज्य विधानसभा सचिव बिष्णु पाडा कर्मकार को सौंप दिया क्योंकि अध्यक्ष रतन चक्रवर्ती त्रिपुरा से बाहर हैं। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष के वापस आने के बाद ही दीबा चंद्र का इस्तीफा स्वीकार होगा।

व्यक्तिगत कारणों से छोड़ी सदस्यता

1988 के बाद से चार बार राज्य विधानसभा के लिए चुने गए दीबा चंद्र ने अपना त्याग पत्र सौंपने के बाद मीडिया को बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से पार्टी व विधानसभा की सदस्यता छोड़ी है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपने अगले कदम के बारे में जानकारी देंगे। बता दें कि आदिवासी नेता बीजेपी से कांग्रेस विधायक बने व पूर्व मंत्री सुदीप रॉय बर्मन के करीबी हैं।