Mohali में गन प्वाइंट पर कार लूट गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार

Mohali में गन प्वाइंट पर कार लूट गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार

;

मोहाली में गन प्वाइंट पर कार लूटने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों से लूटी गई गाड़ियां और हथियार भी बरामद हुए हैं। आरोपितों की पहचान 23 वर्षीय सुखपाल सिंह 20 वर्षीय प्रितपाल सिंह 24 वर्षीय वरियाम सिंह के रूप में हुई है।

मोहाली, जागरण संवाददाता : मोहाली व आसपास के क्षेत्रों में गन प्वाइंट पर कार लूटने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों से लूटी गई गाड़ियां और हथियार भी बरामद हुए हैं। आरोपितों की पहचान 23 वर्षीय सुखपाल सिंह उर्फ पालू निवासी गांव अरनीवाला जिला फाजिल्का, 20 वर्षीय प्रितपाल सिंह उर्फ प्रीत निवासी गांव अरनीवाला जिला फजिल्का व 24 वर्षीय वरियाम सिंह निवासी गांव खिडियावाली जिला फाजिल्का के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने तीनों को फाजिल्का से ही गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह के एक और बदमाश को पकड़ना बाकी है। तीनों आरोपित 12वीं तक पढ़े हैं। पुलिस ने इन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से इन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। तीनों बदमाशों पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपितों के खिलाफ थाना सोहाना, फेज-11 व थाना मटौर में आर्म्स एक्ट व कार स्नैचिंग का मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों से वरना, सियाज, ग्लैंजा गाड़ी बरामद की गई है, जोकि उन्होंने गन प्वाइंट लूटी थी। वहीं, आरोपितों से होंडा सिविक भी बरामद की गई है जिसे वह वारदात के लिए इस्तेमाल करते थे। .32 बोर की तीन पिस्टल व 24 कारतूस भी मिले हैं।

कार लूटने फाजिल्का से रात को आते थे मोहाली :

पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि तीनों आरोपित नशे के आदी हैं और बेरोजगार हैं। बदमाश प्लान अनुसार गाड़ी लूटने के लिए रात में फाजिल्का से मोहाली आते थे और सुनसान जगह से हथियार के दम पर गाड़ी लूटने के बाद वापस फाजिल्का निकल जाते थे। लूटी गई कार को आगे सस्ते में बेचते थे।

इन जगह से लूटी थी गाड़ियां :

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि 24/25 नवंबर की रात बदमाशों ने सेक्टर-88 में हीरो होम्स सोसायटी के बाहर स्लिप रोड से ढाई बजे गन प्वाइंट पर ग्लैंजा गाड़ी लूटी थी। आरोपितों ने वहां हवाई फायर भी किए थे। यह गाड़ी टैक्सी नंबर थी, जिसमें जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था। आरोपितों को जब इसका पता चला तो वह गाड़ी को सरहिंद के पास छोड़कर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने यह गाड़ी बरामद की थी। इस मामले में आरोपितों के खिलाफ थाना सोहाना में मामला दर्ज किया गया था। वहीं, दूसरी वारदात 25 नवंबर रात साढ़े 11 बजे फेज-10 मार्केट में की थी। बदमाशों ने गन प्वाइंट पर पानीपत के व्यक्ति से वरना कार लूटी थी और फरार हो गए थे।