भाजपा की 'जन विश्वास यात्रा' में भाग लेने के लिए 12 जनवरी को त्रिपुरा आएंगे जेपी नड्डा: मुख्यमंत्री साहा

 


भाजपा की 'जन विश्वास यात्रा' में भाग लेने के लिए 12 जनवरी को त्रिपुरा आएंगे जेपी नड्डा

इस साल होने वाले त्रिपुरा विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की जन विश्वास यात्रा को अब तक लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा 12 जनवरी को आठ दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

अगरतला, एजेंसी। इस साल होने वाले त्रिपुरा विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की 'जन विश्वास यात्रा' को अब तक लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा 12 जनवरी को आठ दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तैयार हैं। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 5 जनवरी को राज्य में कार्यक्रम की शुरुआत की थी।

साहा ने कहा, हमें लोगों से उम्मीद के मुताबिक जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। यात्रा को समर्थन देने के लिए राज्य के नागरिक घरों से बाहर निकलकर शंख बजाते नजर आए। यह त्योहार जैसी स्थिति है। कार्यक्रम के समापन दिवस 12 जनवरी को हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शिरकत करेंगे।

इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जन विश्वास यात्रा, जिसे त्रिपुरा में 'रथ यात्रा' बताया जा रहा है, गुरुवार को यहां उमाकांत मैदान में समाप्त होने वाली है, जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एक सभा को संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा, नड्डा जी 12 जनवरी को सुबह 11 बजे एमबीबी हवाईअड्डे पर उतरेंगे और वहां रहने वाले लोगों से बातचीत करने के लिए अगरतला के सीमावर्ती गांव लंकामुरा जाएंगे। वह जांच करेंगे कि उन्हें सरकारी योजनाएं मिल रही हैं या नहीं।

भगवा खेमे के एक पदाधिकारी ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष राज्य छोड़ने से पहले चुनावी रणनीति पर चर्चा करने के लिए त्रिपुरा में पार्टी की कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे।

यह देखते हुए कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता "जन विश्वास यात्रा" समाप्त होने के बाद चुनाव के लिए तैयार होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र समय पर जारी करेगी।

किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर साहा ने मंगलवार को कहा, अभी तक, सत्तारूढ़ गठबंधन के बाहर किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी, लेकिन कभी भी कुछ भी हो सकता है क्योंकि हमारे दरवाजे सभी के लिए हमेशा खुले हैं।

उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा 60 सदस्यीय सदन में अपनी मौजूदा 36 सीटों की संख्या को पार कर जाएगी।

भाजपा को हराने के लिए माकपा और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, इस तरह की पहल पश्चिम बंगाल में की गई थी लेकिन असफल रही। अगर त्रिपुरा में कोई गठबंधन बनता है तो वह विफल हो जाएगा।