रात होते ही बढ़ जाती है खांसी की समस्या, तो इन तरीकों से पाएं इससे जल्द छुटकारा


रात को सोने नहीं देती है खांसी तो ऐसे पाएं तुरंत आराम

सर्दियों में मौसम में सर्दी-खांसी और जुकाम एक आम समस्या है। लेकिन अक्सर खांसी की समस्या हमारी रातों की नींदे चुरा लेती है। अगर रात होते ही आप भी इस समस्या से परेशान हो जाते हैं तो इस उपाय अपनाएं।

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Cough Home Remedies: जनवरी की शुरुआत के साथ ही सर्दी का सितम भी बढ़ता जा रहा है। लोग लगातार बढ़ रही ठंड से काफी परेशान हैं। कोहरे और सर्द हवाओं ने सभी का जीना मुहाल कर दिया है। ऐसे में सर्दी के इस प्रकोप की वजह से लोग लगातार कई समस्याओं का भी शिकार होते जा रहे हैं। एक तरफ जहां ठंड से हार्ट अटैक के मामले में तेजी से बढ़ रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर सर्दी-जुकाम और वायरल की समस्या भी काफी देखने को मिल रही है। ठंड की वजह से लोग अक्सर खांसी और जुकाम से परेशान रहते हैं। ऐसे में अगर सूखी खांसी हो जाए, तो यह काफी मुश्किल खड़ी कर देती है। कई बार दवाइयों के बाद भी इससे निजात नहीं मिलती और रात के समय अक्सर यह समस्या काफी बढ़ जाती है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो इन घरेलू उपायों से इससे जल्द आराम पा सकते हैं।

गर्म पानी और शहद

अगर आप लगातार खांसी की समस्या परेशान हैं, तो गर्म पानी और शहद का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आपको आधे ग्लास गुनगुने पानी में दो चम्मच शहद मिलाकर पीना होगा। नियमित रूप से इसका सेवन करने से आप इस समस्या से काफी हद तक आराम पा सकते हैं।

अदरक और शहद

रात में होने वाली खांसी के लिए अदरक और शहद भी एक बेहतरीन उपाय है। खांसी से राहत दिलाने के साथ ही यह सर्दियों में इम्युनिटी बढ़ाने में भी काफी मददगार है। रोजाना एक चम्मच शहद में अदरक के रस की कुछ बूंदे मिलाकर खाने से सूखी खांसी से राहत मिलेगी।

शहद और पीपल की गांठ

रात को चलने वाली सूखी खांसी से अगर आप परेशान हैं, तो इसके लिए शहद और पीपल की गांठ का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए पीपल की गांठ पीसकर इसमें एक चम्मच शहद मिलाकर इसका सेवन करें। नियमित रूप से इसका सेवन फायदेमंद साबित होगा।

अदरक और नमक

रात में अग सूखी खांसी की वजह से आप सो नहीं पाते हैं, तो इसके लिए आप अदरक और नमक की मदद ले सकते हैं। रात को सोत समय अदरक के छोटे से टुकड़े में एक चुटकी नमक छिड़ककर इसे दांतों में दबाकर धीरे-धीरे चबाएं। ऐसा करने से आपको सूखी खांसी से राहत मिल जाएगी।

काली मिर्च और शहद

सूखी खांसी ने अगर आपकी नींद खराब कर दी है, तो काली मिर्च और शहद आपके लिए गुणकारी साबित होगी। 4-5 काली मिर्च के पाउडर में शहद मिलाकर इसका सेवन करने से फायदा मिलेगा। रोजाना इसका सेवन करने से आपको जल्द ही इस समस्या से आराम मिल जाएगा।