केरल के कन्नूर के एक घर में फटा बम, एक व्यक्ति हुआ घायल

 


केरल के कन्नूर के एक घर में फटा बम

केरल के कन्नूर जिले में अचानक एक बम विस्फोट हो गया। जिसके कारण इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कन्नूर (केरल), एजेंसी। केरल के कन्नूर जिले में एक घर में बम विस्फोट होने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी। यह घटना गुरुवार को थालास्सेरी लोटस टॉकीज के पास स्थित उसके घर पर थालास्सेरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।

घायल व्यक्ति की पहचान जितिन नादम्मल के रूप में हुई है, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें कन्नूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

शहर के पुलिस आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि घर में एक से अधिक बम होने की संभावना है और आगे की जानकारी जल्द ही पता चल जाएगी। मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। इससे पहले पिछले साल सितंबर में कन्नूर के चवासेरी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता के घर के सामने बम विस्फोट हुआ था।

मत्तन्नूर पुलिस के मुताबिक, बम आरएसएस कार्यकर्ता सुधीश के घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर फटा। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड ने भी मौके का मुआयना किया।