स्टाफ का कारनामा, सिविल सर्जन के दफ्तर को बनाया पार्किंग स्थल

 

तरनतारन में सिविल अस्पताल खस्ता हाल में हैं।

;

सिविल सर्जन डॉक्टर के छुट्टी पर जाने से कार्यालय में स्टाफ के कर्मचारी मनमर्जी करते हुए अपने दोपहिया वाहन कार्यालय के भीतर पार्क कर रहे हैं। सिविल अस्पताल की बाकी सुविधाएं भी खस्ता हाल में हैं। कूलर 11 दिन से खराब है तो व्हीलचेयर भी टूटी हुई है।

तरनतारन। वैसे तो सिविल अस्पताल या सिविल सर्जन कार्यालय में आने वाले लोगों व स्टाफ के लिए इमारत के बाहर वाहन खड़े करने के लिए काफी जगह है, परंतु यहां के स्टाफ ने सिविल सर्जन कार्यालय को ही पार्किंग स्थल बना दिया है। इसी का नतीजा है कि वे अपने वाहन को सिविल सर्जन दफ्तर के पास खड़े करने लगे हैं।

दरअसल, सिविल सर्जन डा. दिलबाग सिंह एक माह की छुट्टी पर हैं। इसी वजह से सिविल सर्जन कार्यालय में स्टाफ के कर्मचारी मनमर्जी करते हुए अपने दोपहिया वाहन कार्यालय के भीतर पार्क कर रहे हैं। उन्हें कोई रोक टोक करने वाला नहीं है।वैसे तो सिविल सर्जन की जगह अभी सहायक सिविल सर्जन डा. रेणु भाटिया काम देख रही हैं, लेकिन वहां पर लापरवाही साफ नजर आ रही है। इससे संबंधित डा. रेणु कहती हैं कि किसी भी कर्मी को कार्यालय के भीतर वाहन पार्क करने की इजाजत नहीं।

अस्पताल में व्हीलचेयर टूटी, वाटर कूलर भी खराब

सिविल अस्पताल के मुख्य गेट पर लगाया वाटर कूलर 11 दिन से खराब है। दिव्यांग व बुजुर्ग मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल के गेट पर रखी गई व्हीलचेयर टूटी हुई है। एसएमओ डा. स्वर्णजीत धवन ने बताया कि वाटर कूलर मरम्मत करवाने व टूटी व्हीलचेयर बदलने के लिए आज ही आदेश दिया गया है। जल्द इसे ठीक करवा दिया जाएगा।