
असम के पूर्व मंत्री नजरूल इस्लाम के लंबी बीमारी के बाद शनिवार की दोपहर 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इन्होंने असम में अपने कार्यकाल के दौरान कई सेवाएं दी हैं। सीएम हेमंत बिस्वा सरमा ने भी शोक व्यक्त किया।
गुवाहाटी, पीटीआई। असम के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नजरूल इस्लाम का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी, बेटा और बेटी हैं। सूत्रों ने बताया कि मंत्री को शुक्रवार की दोपहर इनका ऑक्सीजन लेवल अचानक काफी नीचे आ गया था जिसके बाद इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन शनिवार की दोपहर ये अपनी जिंदगी की जंग हार गए। आपको बता दें, नजरूल इस्लाम तीन बार असम के मंत्री और पांच विधायक रह चुके हैं।
लंबे समय तक मंत्रिमंडल का हिस्सा
नजरूल इस्लाम, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय तरुण गोगोई के मंत्रिमंडल में 2002 से 2016 तक तीन बार मंत्री रहे। इस्लाम ने 1996 से पांच बार मोरीगांव जिले के लहरीघाट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद उनके बेटे डॉ आसिफ मोहम्मद नजर ने 2021 में कांग्रेस के टिकट पर यहां से सीट जीता।
नजरूल इस्लाम, राजनीति में आने से पहले एक डॉक्टर थे और उन्होंने गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से अपना एमबीबीएस पूरा किया था। गोगोई के मंत्रिमंडल के दौरान इनके पास खाद्य और नागरिक आपूर्ति, अल्पसंख्यक मामले और स्वास्थ्य विभाग था।
सीएम ने किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने पूर्व मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "अनुभवी राजनेता ने राज्य में सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में लंबे समय तक बहुत सी सेवाएं दीं। मैं इनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।"वहीं, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख भूपेन बोरा ने कहा, "कांग्रेस ने एक समर्पित और ईमानदार नेता खो दिया है। इस्लाम ने एक डॉक्टर के रूप में अपना करियर शुरू किया और एक राजनेता के रूप में समाज की सेवा की। हमें उनकी मृत्यु पर काफी दुख हुआ, हम शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"