राजस्थान में जारी रहेगा सर्दी का सितम? जानें मौसम विभाग का अनुमान

जयपुर, एजेंसी। पूरा राजस्थान कड़ाके की ठंड की चपेट में है। राज्य के कई इलाकों में तापमान माइनस तक पहुंच गया है। सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। उधर, मौसम विभाग ने ठंड को लेकर अनुमान जताया है। विभाग ने बताया कि हाड़ कंपाने वाली ठंड से आने वाले दिनों में राहत मिलेगी या नहीं।

कहां कितना तापमान?

राजस्थान में शुक्रवार रात चुरु जिले में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। पिलानी में 0.6 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं सीकर में 1.0 डिग्री, करौली में 1.2 डिग्री, अंता में 1.6 डिग्री, बनस्थली में 1.7 डिग्री, बीकानेर में 2.0 डिग्री, अलवर में 2.4 डिग्री, धौलपुर में 2.6 डिग्री, नागौर में 3.3 डिग्री और टोंक में 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारां जिले में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा।

आने वाले दिनों में ठंड से मिलेगी राहत?

मौसम विभाग ने कहा कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। प्रदेश में 8 जनवरी से शीतलहर और घने कोहरे से राहत मिलने के आसार हैं।