देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है, लेकिन भाजपा सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं- मल्लिकार्जुन खरगे

 


कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र पर साधा निशाना

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के तहत एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है।

पानीपत (हरियाणा), पीटीआई। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को महंगाई और बेरोजगारी सहित कई मुद्दों को लेकर केंद्र पर निशाना साधा और उस पर चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने और सत्ता में आने के बाद उन शब्दों से मुकरने का आरोप लगाया।

देश में बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के तहत एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है। रैली में मौजूद लोगों में पूर्व कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी, पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, के सी वेणुगोपाल, शक्तिसिंह गोहिल, किरण चौधरी और डी के शिवकुमार शामिल थे।खरगे ने कहा कि गांधी ने अब तक 3,000 किलोमीटर से अधिक की भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व किया है। पैदल मार्च गुरुवार शाम उत्तर प्रदेश से हरियाणा पहुंचा। 

बेरोजगारी 45 वर्षों में सबसे अधिक

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बढ़ती महंगाई की वजह से जरूरी सामान आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा, “45 वर्षों में, बेरोजगारी इतनी अधिक कभी नहीं थी। इंजीनियरिंग और चिकित्सा में डिग्री वाले शिक्षित युवाओं के पास नौकरी नहीं है, लेकिन (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदीजी और (केंद्रीय गृह मंत्री) अमित शाहजी उनके बारे में चिंतित नहीं हैं।''खरगे ने भाजपा पर विपक्ष को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा, "उन्हें युवाओं, आर्थिक स्थिति या महंगाई की कोई चिंता नहीं है। उनके दिमाग में केवल चुनाव हैं।" उन्होंने कहा कि गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कई राज्यों में सत्ता में आई, लेकिन भगवा पार्टी ने लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकारों को गिराने के लिए कथित तौर पर हथकंडे अपनाए।

'यह झूठ की सरकार है'

कांग्रेस प्रमुख ने कहा, "फिर वे कहते हैं कि वे लोकतंत्र में विश्वास करते हैं। वे भगवान का नाम लेते हैं और इस तरह के झूठ फैलाते हैं। यह झूठ की सरकार है। इसने हर साल दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था। क्या आपको वो नौकरियां मिलीं? इसने सभी के बैंक खाते में 15 लाख रुपये डालने का वादा किया था। क्या आपको वह मिला।"

शाह पर साधा निशाना  

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि चुनावी राज्य त्रिपुरा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के बारे में बात की है। खरग ने गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ''ऐसा कहने वाले आप कौन होते हैं? आप राम मंदिर के पुजारी या महंत हैं?" 

वोट बैंक की राजनीति में लिप्त होने का आरोप

खरगे ने बड़े-बड़े वादे करने और बाद में उन शब्दों से मुकरने के लिए भाजपा नीत केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने भगवा पार्टी पर विभाजनकारी और वोट बैंक की राजनीति में लिप्त होने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए खड़ी है।