रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए अहम भूमिका निभा रहे PM मोदी, वियना में जयशंकर बोले- दोनों नेताओं से हो रही बात

 


रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए अहम भूमिका निभा रहे PM मोदी
;

विदेश मंत्री एस जयशंकर इन दिनों ऑस्ट्रिया दौरे पर हैं जहां पर उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेरे प्रधानमंत्री ( प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) दोनों नेताओं के संपर्क में हैं। यह युग युद्ध का नहीं है।

वियना, एएनआई। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में सोमवार को कहा कि 150 से ज्यादा ऑस्ट्रियाई कंपनियां भारत में मौजूद हैं और हम चाहते हैं कि इस संख्या में पर्याप्त रूप से इजाफा हों। इस दौरान उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध का भी जिक्र किया और कहा कि मेरे प्रधानमंत्री दोनों नेताओं के संपर्क में हैं। विदेश मंत्री ऑस्ट्रिया की अपनी आधिकारिक यात्रा पर हैं और दो देशों की यात्रा पर निकले जयशंकर साइप्रस से यहां पहुंचे हैं।विदेश मंत्री ने वियना में सोमवार को कहा कि हमारा द्विपक्षीय व्यापार 2.5 बिलियन डॉलर है और 150 से अधिक ऑस्ट्रियाई कंपनियां भारत में काम कर रही है। हम चाहते हैं कि इस संख्या में पर्याप्त रूप से इजाफा हों। मुझे यह जानकर खुशी हुई कि ऑस्ट्रियाई अर्थव्यवस्था में भारत की उपस्थिति में काफी वृद्धि हुई है।

विदेश मंत्री ने वियना में ऑस्ट्रिया गणराज्य के यूरोपीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों के संघीय मंत्री अलेक्जेंडर शालेनबर्ग द्वारा संयुक्त प्रेस वार्ता में यह बात कही। इस दौरान जयशंकर ने ऑस्ट्रिया के साथ किए गए समझौतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत कानूनी प्रवासन और गतिशीलता का एक मजबूत समर्थक है। हम भारतीय कौशल और प्रतिभा के योगदान को प्रदर्शित करने के लिए एक उचित, कानूनी और समान अवसर चाहते हैं।

दोनों नेता बैठकर मतभेदों को करें हल

इसी बीच जयशंकर ने यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत इस मुद्दे पर काफी चिंतित है। हम मानते हैं कि यह युद्ध का युग नहीं है और मतभेदों को बैठकर हल करना चाहिए। संवाद और कूटनीति के रास्ते से हल निकालना चाहिए। मेरे प्रधानमंत्री दोनों देशों के नेताओं के साथ संपर्क में हैं।

उन्होंने कहा कि भारत ने हाल ही में जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण की है। हमने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्य के रूप में अपना वर्तमान कार्यकाल भी पूरा कर लिया है।